उत्तराखंड । राज्य के टिहरी में प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज के निर्माण की मांग को लेकर रविवार को नई टिहरी में लोगों ने जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया । आंदोलन के समर्थन में नई टिहरी और बौराड़ी बाज़ार भी बंद रहे ।
प्रदर्शनकारियों ने बौराड़ी स्टेडियम से मोलधार और गीता भवन होते हुए गणेश चौक तक ढोल-नगाड़ों के साथ रैली निकाली । इसके बाद गणेश चौक पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया गया । पहले दिन नागरिक मंच के 10 सदस्य धरने पर बैठे ।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि ज़िले में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी के कारण गंभीर मरीजों को देहरादून और ऋषिकेश जाना पड़ता है । प्रदर्शनकारियों ने कहा कि मेडिकल कॉलेज बनने तक धरना दिन-रात जारी रहेगा । प्रदर्शनकारियों ने सरकार से निर्माण की प्रक्रिया जल्द शुरू करने और स्पष्ट समयसीमा तय करने की मांग की है ।
