गोंडा/बाराबंकी । गोंडा जिले के परसपुर थाना क्षेत्र में कुछ दिन पूर्व विनोद कुमार सहनी निषाद की धारदार हथियारों से हमला कर हत्या किए जाने के मामले को लेकर सियासत गरमा गई है ।
मृतक के परिजनों से मुलाकात करने गोंडा जा रहे आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद के काफिले को बाराबंकी के रामनगर क्षेत्र में पुलिस द्वारा रोके जाने और इसी दौरान काफिले पर कथित हमला किए जाने का मामला सामने आया है ।
बताया गया कि चंद्रशेखर आजाद लखनऊ से बाराबंकी के रास्ते गोंडा जा रहे थे । उनका उद्देश्य परसपुर थाना क्षेत्र में हत्या के शिकार हुए विनोद कुमार सहनी निषाद के परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी लेना और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग को मजबूती देना था । इसी दौरान रामनगर क्षेत्र में पुलिस ने उनके काफिले को रोक लिया ।
चंद्रशेखर आजाद ने इस घटनाक्रम पर कड़ा आक्रोश व्यक्त करते हुए बाराबंकी पुलिस से कथित हमले को गंभीरता से लेने की मांग की । उन्होंने कहा कि उनके काफिले के साथ इस प्रकार का व्यवहार स्वीकार नहीं किया जाएगा और काफिले पर हमला करने वाले व्यक्ति को सामने आकर पार्टी के कार्यकर्ताओं से माफी मांगनी होगी ।
हमारे कार्यकर्ताओं के सम्मान से कोई समझौता नहीं
सांसद चंद्रशेखर आजाद ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि बाराबंकी पुलिस को काफिले पर हमला करने वाले व्यक्ति के खिलाफ उचित कार्रवाई करनी होगी ।
उनका कहना था कि यदि आरोपी के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाती और कार्यकर्ताओं से माफी नहीं मांगी जाती तो आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ता लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध दर्ज कराएंगे ।
उन्होंने कहाकि अन्याय के खिलाफ आवाज उठाना उनका लोकतांत्रिक अधिकार है और कार्यकर्ताओं के सम्मान के साथ किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा ।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रमों में विरोध की चेतावनी
चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि यदि मामले में कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी के कार्यकर्ता आंदोलन का लोकतांत्रिक रास्ता अपनाएंगे । उन्होंने चेतावनी दी कि जहां-जहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम होंगे, वहां पार्टी कार्यकर्ता विरोध दर्ज कराएंगे ।
उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि यह विरोध किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं बल्कि कथित अन्याय और कार्यकर्ताओं के सम्मान के सवाल पर होगा । उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।।
विनोद कुमार सहनी निषाद हत्याकांड को लेकर भी उठ रहे सवाल
गोंडा के परसपुर थाना क्षेत्र में विनोद कुमार सहनी निषाद की धारदार हथियारों से हत्या की घटना ने क्षेत्र में चिंता पैदा की है । इसी घटना के बाद चंद्रशेखर आजाद पीड़ित परिवार से मिलने गोंडा जा रहे थे । उनका कहना है कि पीड़ित परिवार के बीच पहुंचकर उनकी पीड़ा सुनना और उन्हें न्याय की लड़ाई में साथ देने का प्रयास किया जाना जरूरी है ।
काफिले को रोके जाने और कथित हमले की घटना ने अब इस पूरे मामले को नया राजनीतिक रंग दे दिया है । आजाद समाज पार्टी ने प्रशासन से मांग की है कि काफिले को रोके जाने की परिस्थितियों और कथित हमले की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के खिलाफ कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाए ।
फिलहाल इस घटनाक्रम को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज होने के आसार हैं । अब देखना होगा कि बाराबंकी पुलिस कथित हमले के आरोपों पर क्या कार्रवाई करती है और प्रशासन की ओर से इस पूरे मामले पर आधिकारिक रूप से क्या पक्ष सामने आता है ।
