फतेहपुर : आज अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर प्राथमिक विद्यालय मुरारपुर में नारी चौपाल एवं गोष्ठी का आयोजन किया गया ।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि ग्राम प्रधान पुष्पा सिंह व विशिष्ट अतिथि बालिका शिक्षा एसआरजी प्रदीप पटेल ने सर्वप्रथम सरस्वती जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करते हुए कार्यक्रम की शुरुआत की ।
तत्पश्चात विद्यालय की बच्चियों ने शानदार सरस्वती वंदना प्रस्तुत की । सभी मातृ शक्तियों के समक्ष प्रधानाध्यापिका द्वारा महिला दिवस की शुरुआत एवं महिला सशक्तिकरण के बारे में जानकारी प्रदान करते हुए महिलाओं को सशक्त बनने की प्रेरणा दी गई ।
एसआरजी प्रदीप पटेल द्वारा महिलाओं व बालिकाओं को अपने अधिकारो हेतू जागरूक किया गया । उन्होने पपेट शो द्वारा अपनी बातों को मातृ शक्तियों के समक्ष बहुत ही सहजता से रखा । जिसे सबने बहुत आनंदित होकर देखा व सक्रिय प्रतिभाग भी किया । इसके बाद विद्यालय के बच्चों द्वारा लैंगिक समानता पर एक नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया । जिससे सभी तक एक सार्थक संदेश पहुँचा । इसके बाद अंजलि व वर्तिका के द्वारा गुड टच व बैड टच पर एक सराहनीय कविता प्रस्तुत की गयी ।


प्रधानाध्यापिका गीता यादव ने सभी को महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए “मैं नारी हूँ, सरिता सी बहती ही जाऊँ” कविता प्रस्तुत की व बोला कि महिलाओं के लिए हर दिवस विशेष होता है । कार्यक्रम में उपस्थित सभी अभिभावक महिलाओं ने कार्यक्रम में की गयी सजावट यथा रंगोली,चुन्नी शे तैयार वाल डेकोर,परिवेशीय चीजों पत्ते फूल व कंकड़ की रंगोली,बच्चों के कार्यक्रम की भूरि भूरि प्रशंसा की । अंत में ग्राम प्रधान पुष्पा सिंह जो कि एक अभिभावक भी हैं का विद्यालय में प्रधानाध्यापिका के द्वारा सम्मान किया गया । विद्यालय की सहायक अध्यापिकाओं द्वारा कार्यक्रम में बढ़ चढ़ कर योगदान दिया गया । स्वल्पाहार के बाद सभा समाप्त की गयी ।
कोई चुनौती टिक ना पाए,जब वो अपने पंख फैलाए,मोह, ममता की है वो मूरत,वक्त पड़े चंडी बन जाए ।
