कानपुर : थाना महाराजपुर के नागापुर गांव में गंगा में नहाते समय दो युवती और चार युवक गंगा में डूब गए । घाट पर मौजूद ग्रामीणों ने तीन को बचा लिया । जबकि तीन का कुछ पता नहीं चला ।
मामले की जानकारी मिलते ही महाराजपुर थाने की पुलिस और पीएसी के गोताखोर गंगा में डूबे तीनों की तलाश में जुटे हैं । वहीं दूसरी तरफ पनकी नहर में नहाते समय तीन लोग डूब गए । इसमें एक की मौत हो गई,जबकि दो की तलाश में पुलिस और गोताखोर लगे हैं । पीएसी के गोताखोरों की टीम तलाश में लगी सीओ सदर ऋषिकेश यादव ने बताया कि शनिवार सुबह नागापुर गांव महाराजपुर में गंगा में चार बच्चे और दो युवक नहाने के दौरान बहाव की चपेट में आकर डूबने लगे । चीख-पुकार सुनकर घाट पर मौजूद ग्रामीणों ने 11 साल की कुमकुम,13 साल के अरविंद और 12 साल के शिवम को बचा लिया । जबकि श्याम सुंदर (22),दिनेश (27) और साक्षी (12) गंगा में समा गए । काफी तलाश के बाद भी कुछ पता नहीं चला ।
ग्रामीणों की सूचना पर महाराजपुर पुलिस और तीनों के परिजन मौके पर पहुंचे । लेकिन कुछ पता नहीं चल सका । अब गंगा में डूबे तीनों की तलाश में पीएसी के गोताखोरों को लगाया गया है ।
