अखिलेश यादव और प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के चीफ शिवपाल सिंह यादव के बीच दूरियां बढ़ने की अटकलें और तेज़ हो गई हैं ।
शनिवार को उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी,यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ और पूर्व उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा को ट्विटर पर फॉलो करने की शुरुआत कर इन अटकलों को और हवा दे दी । इससे इन कयासों को और बल मिला है कि अखिलेश के चाचा शिवपाल कभी भी बीजेपी में शामिल हो सकते हैं ।
शिवपाल सिंह यादव अब बारह लोगों को फॉलो करने लगे हैं । इनमें नरेंद्र मोदी,दलाई लामा,भारत के राष्ट्रपति, पीएमओ और यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ शामिल हैं ।
शिवपाल सिंह यादव ने यूपी चुनाव से पहले अपनी पार्टी प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) का गठबंधन समाजवादी पार्टी से किया था ।
हालांकि शिवपाल समाजवादी पार्टी के चिह्न पर चुनाव लड़े थे । लेकिन चुनाव के बाद समाजवादी पार्टी के विधायकों की मीटिंग में उनके शामिल न होने के बाद ये अटकलें लगने लगी थीं कि अखिलेश यादव से उनकी दूरियां एक बार फिर बढ़ गई हैं ।
शिवपाल ने कहा था कि उन्हें मीटिंग में नहीं बुलाया गया, जबकि अखिलेश ने कहा था कि चूंकि वह गठबंधन में शामिल पार्टी के नेता हैं इसलिए उन्हें नहीं बुलाया गया । शनिवार को जैसे ही उन्होंने पीएम मोदी,योगी आदित्यनाथ और उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा को ट्विटर पर फॉलो करना शुरू किया, वैसे ही ये अटकलें और तेज हो गईं कि शिवपाल समाजवादी पार्टी गठबंधन का दामन छोड़ कर अब जल्दी ही बीजेपी में शामिल होंगे ।
इससे पहले,विधायक पद की शपथ लेने के बाद शिवपाल ने बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की थी । उन्होंने इस मुलाकात को शिष्टाचार भेंट बताया था । यह भी कहा था कि वक्त आने पर बोलेंगे । शिवपाल के ट्विटर पर मोदी,योगी आदित्यनाथ और दिनेश शर्मा को फॉलो करने से जुड़े सवाल पर समाचार एजेंसी पीटीआई से बात करते हुए प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के प्रवक्ता दीपक मिश्रा ने कहा, “नए साल पर कुछ नया होना चाहिए । इसलिए शिवपाल जी ने नए साल (हिंदू नव वर्ष) पर नरेंद्र मोदी, योगी आदित्यनाथ और दिनेश शर्मा को फॉलो करना शुरू किया ।
मिश्रा से पूछा गया कि क्या शिवपाल बीजेपी में जा सकते हैं । इस पर उन्होंने कहा,
“मैं संभावनाओं को खारिज नहीं कर रहा हूं । राजनीति में विकल्प हमेशा खुले होते हैं”।
