प्रयागराज । श्रम विभाग कर्मचारी संघ उत्तर प्रदेश का 21वां प्रांतीय अधिवेशन उप श्रम आयुक्त कार्यालय 9 मेयो रोड, प्रयागराज में संपन्न हुआ । संघ के अधिवेशन में निर्वाचन की प्रक्रिया भी संपन्न हुई । सर्वसम्मति से नामित राजेन्द्र यादव द्वारा चुनाव अधिकारी के रूप में निर्वाचन सम्पन्न कराया गया ।
चुनाव अधिकारी द्वारा प्रभात मिश्रा को प्रांतीय अध्यक्ष,कपिल सागर को वरिष्ठ उपाध्यक्ष,डी एस दीक्षित को महामंत्री व यशवीर कुमार श्रीवास्तव को वरिष्ठ संगठन मंत्री निर्विरोध निर्वाचित किये गए । निर्वाचन के उपरांत अध्यक्ष प्रभात मिश्रा द्वारा सैयद फैसल व अभिषेक रघुवंशी को उपाध्यक्ष नामित किया गया तथा कोषाध्यक्ष के रूप में मनोज सक्सेना नामित हुए । श्रम विभाग कर्मचारी संघ उत्तर प्रदेश के संरक्षक के रूप में रमाकांत कनौजिया को सर्वसम्मति से नामित किया गया ।
अधिवेशन में विभिन्न क्षेत्रीय कार्यालयों से आए पदाधिकारियों द्वारा पदोन्नति न होने व कमर्चारियों के उत्पीणन का मुद्दा मुख्य रूप से छाया रहा ।
अध्यक्ष प्रभात मिश्रा द्वारा कहा गया कि शासन की पदोन्नति की मंशा होने तथा कार्मिक विभाग द्वारा समस्त विभागों के शिथिलीकरण के प्रस्तावों को निस्तारित किये जाने के निर्देश के बावजूद श्रम विभाग में प्रधान सहायक से श्रम प्रवर्तन अधिकारी के पद पर पदोन्नति शासन द्वारा जानबूझ कर रोकी जा रही है । जब कि श्रम प्रवर्तन अधिकारी से सहायक श्रम आयुक्त तथा सहायक श्रम आयुक्त के पद से उप श्रम आयुक्त के पद पर निरंतर पदोन्नति की जा रही है जिससे कर्मचारियों के प्रति जानबूझकर उपेक्षा किया जाना प्रदर्शित हो रहा है । महामंत्री डी एस दीक्षित ने कहा कि श्रम विभाग के समस्त कर्मचारियों में आक्रोश की स्थिति उत्पन्न हो रही है यदि शासन द्वारा शीघ्र पदोन्नति की प्रक्रिया को पूर्ण नहीं किया जाता है तो आंदोलन की स्थिति उत्पन्न हो जाएगी । वरिष्ठ उपाध्यक्ष कपिल सागर ने कहा कि संगठन कर्मचारियों के हित में सदैव तत्पर रहेगा और किसी भी लड़ाई को लड़ने के लिए तैयार है ।
प्रदेश से आए अन्य पदाधिकारियों में अंजनी कुमार राय वाराणसी,शिव कुमार यादव,रामबाबू पुष्कर बरेली,मोहम्मद अबू नईम प्रयागराज गिरवर,सहारनपुर,करनवीर व हिमांशु,मेरठ मोहम्मद रईस,पिपरी विमलेश यादव कानपुर,धर्मेंद्र चौधरी अलीगढ़, रविंद्र चौधरी अलीगढ़,सुरेश कुमार बाँदा,सूरजभान गोंडा विकास दुबे देवीपाटन,सुरेन्द्र त्यागी आगरा ने संघ के प्रति कृतज्ञ रहते हुए अपना पूर्ण सहयोग प्रदान किए जाने का आश्वासन दिया तथा अपनी समस्याओं से संघ को अवगत कराया ।
संघ के प्रांतीय अधिवेशन में मुख्य अतिथि राजेश मिश्रा, उप श्रम आयुक्त,प्रयागराज रहे ।
उपश्रमायुक्त राजेश मिश्रा द्वारा नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई गई तथा संगठन के महत्व को बताया ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री राधा कांत ओझा अध्यक्ष बार एसोसिएशन माननीय उच्च न्यायालय इलाहाबाद द्वारा की गई । कार्यक्रम का संचालन रमाकांत कनौजिया द्वारा किया गया ।
