फतेहपुर । हर तहसील ब्लाक मुख्यालय में अधिकारी जन समस्याओं को सुनने और उनके निस्तारण के लिए सुबह 10 बजे से 12 बजे तक अपने कार्यालय में उपस्थित रहे ।
यह निर्देश देते हुए जिलाधिकारी श्रीमती श्रुति ने बताया कि जनता की शिकायत सुनने हेतु समस्त जिला स्तhरीय एवं तहसील/ब्लॉक स्तरीय अधिकारी अपने कार्यालय में प्रातः 10.00 से 12.00 बजे तक समय से नहीं बैठते हैं जिससे दूरस्थ ग्रामों से आने वाले जन शिकायतकर्ताओं को समस्याओं के निराकरण हेतु इधर-उधर भटकना पड़ता है । उन्होंने कहा कि जिन शिकायतकर्ताओं की जनता दर्शन के दौरान शिकायतें सुनी जाती हैं, जिसमें से तहसील/ब्लॉक स्तरीय की समस्याएं बहुतायत रहती हैं । यदि तहसील/ब्लॉक स्तरीय अधिकारी प्रायः अपने कार्यालय में प्रातः 10.00 से 12.00 बजे तक बैठकर जनसुनवाई की जाये तो दूरस्थ ग्रामों से आने वाले व्यक्तियों की समस्याओं का निस्तारण सम्बन्धित तहसील/ब्लॉक स्तर से ही हो सकता है ।
अतएव समस्त जनपद स्तरीय एवं तहसील/ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया जाता है कि वह निर्धारित समय में अपने कार्यालय में बैठकर जन शिकायतों को सुनेगें और उनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराना सुनिश्चित करें । साथ ही यह भी निर्देशित किया जाता है कि उप जिलाधिकारी,जिला विकास अधिकारी द्वारा इसकी रैण्डम जाँच की जाये ।
उक्त के अतिरिक्त समस्त उप जिलाधिकारी/तहसीलदार/खण्ड विकास अधिकारी एवं अन्य जिला स्तरीय अधिकारी, जनपद फतेहपुर को पृथक से निर्देशित किया जाता है कि अपने-अपने कार्यालय के लैण्डलाइन टेलीफोन को अनवरत चालू रखा जाये । जिससे आवश्यकता पड़ने पर कार्य सरकार हेतु आपसे वार्ता की जा सके और आम जनमानस भी आपसे कार्य सरकार हेतु वार्ता कर सके ।
