बकेवर/फतेहपुर । देवमई विकासखंड के विभिन्न विद्यालयों में आज प्राथमिक शिक्षा के उन्नयन के लिए अभिभावक गोष्ठी का आयोजन किया गया । विद्यालयों की गोष्ठी के क्रम में जोगापुर प्राथमिक विद्यालय मे अभिभावक शिक्षक गोष्ठी खंड विकास अधिकारी सुषमा देवी की अध्यक्षता में संपन्न हुई ।
गोष्ठी को संबोधित करते हुए खंड विकास अधिकारी ने कहा कि जीवन में शिक्षा का एक विशेष महत्व है । इसलिए सभी अभिभावकों को अपने बच्चों की शिक्षा पर ध्यान देना चाहिए ।
उन्होंने प्राथमिक विद्यालय की प्रधानाध्यापिका पूनम अवस्थी की तारीफ करते हुए कहा कि इनके लगन व परिश्रम से शिक्षा के स्तर में काफी सुधार हुआ है यहां के शिक्षकों की मेहनत का ही परिणाम है । एक छात्र का जवाहर नवोदय विद्यालय व दूसरे का अटल आवासीय विद्यालय में चयन हुआ है अन्य अभिभावकों को भी अपने बच्चों को प्रेरित करके मेहनत करने और आगे बढ़ने में सहयोग करना चाहिए ।
इस मौके पर उन्होंने जवाहर नवोदय विद्यालय की कक्षा 6 में प्रवेश हेतु चयनित अमन व अटल आवासीय विद्यालय में प्रवेश हेतु चयन किए गए । आयुष को ट्राली बैग व साइकिल देकर प्रोत्साहित किया । इसी क्रम में एसआरजी राधेश्याम दीक्षित ए आर पी योगेंद्र सिंह व ललित ने भी गोष्ठी को संबोधित किया गोष्ठी का संचालन विद्यालय की प्रधानाध्यापिका पूनम अवस्थी ने किया ।
इस मौके पर विद्यालय की शिक्षक शिक्षिकाएं व बड़ी संख्या में अभिभावक व छात्र मौजूद रहे । गोष्ठी के आयोजन में ग्राम प्रधान भानु प्रताप सिंह के योगदान के लिए विद्यालय के शिक्षक शिक्षिकाओं ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए बताया कि प्रधान जी के सहयोग से चयनित दोनों छात्रों को साइकिल देकर प्रोत्साहित किया गया है । जिसके लिए भी धन्यवाद के पात्र हैं ।
प्रधानाध्यापिका ने बताया कि विद्यालय संचालन में ग्राम प्रधान का हमेशा योगदान मिलता रहता है ।
अभिभावक शिक्षक गोष्ठी के क्रम में कस्बा बकेवर स्थित प्राइमरी विद्यालय प्रथम में भी गोष्ठी का आयोजन किया गया और अभिभावकों से बच्चों को स्कूल भेजने का आग्रह किया गया । इस मौके पर छात्र-छात्राएं अभिभावक व क्षेत्र के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे ।
