– पराली जलाने पर दी सख्त चेतावनी
– समस्या के समाधान को लेकर अधिकरियों से मिलेंगे किसान
मलवां/फतेहपुर । धान की फसल लेने के बाद जो किसान अपने खेतों में शेष रही पराली को आग लगा देते हैं । प्रशासन उनके खिलाफ काफी संजीदा हो गया है । इसके लिए प्रशासन ने कमर कस ली है तथा शीघ्र ही प्रशासनिक अमला पूरे क्षेत्र का सर्वे कर पराली जलाने वाले किसानों की पहचान भी कर रही है । उसके बाद उन्हें सरकार द्वारा निर्धारित जुर्माना लगाया जाएगा ।
थाना मलवां में नायब तहसीलदार रचना यादव और थाना प्रभारी निरीक्षक मुकेश सिंह की अध्यक्षता में पराली जलाने से होने वाले नुकसान को लेकर जागरूकता बैठक का आयोजन किया गया ।
बैठक को संबोधित करते हुए नायब तहसीलदार रचना यादव ने सख्त लहजे में किसानो को चेताया कि अगर उन्होंने ने फसलों के अवशेष पराली खेतों में जलाया तो उनके खिलाफ प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा । जुर्माना के साथ एफआईआर भी दर्ज कराई जाएगी ।
नायब तहसीलदार रचना यादव ने खेतों में फसलों के अवशेष जलाने से पर्यावरण को होने वाले नुकसान पर विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि अगर क्षेत्र में पराली जलाने की सूचना कहीं मिलती है तो उनके खिलाफ राजस्व निरीक्षक, लेखपाल व क्षेत्रीय पुलिस तत्काल कार्रवाई करें ।ऐसा न करने वाले राजस्व कर्मियों व क्षेत्रीय पुलिस को दोषी माना जाएगा और उन पर प्रशासनिक कार्यवाही की जाएगी ।
थाना प्रभारी निरीक्षक मलवां मुकेश सिंह ने भी पराली जलाने से पर्यावरण संरक्षण को होने वाले ख़तरे से लोगों को आगाह किया ।
उप कृषि निदेशक सतेंद्र कुमार तिवारी ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर तहसील स्तर पर कमेटी गठित की गई हैं । अगर कहीं कोई पराली जलाता है तो जुर्माना लगाया जाएगा । अगर कोई किसान एक एकड़ से कम एरिया में फसल अवशेष जलाता है तो उससे 2500 का जुर्माना वसूला जाएगा । 1 एकड़ से 2 एकड़ जमीन पर 5 हजार जुर्माना है ।
इस मौके पर नायब तहसीलदार रचना यादव, मलवां थाना प्रभारी निरीक्षक मुकेश सिंह ,चौंकी प्रभारी उप निरीक्षक, राजस्व निरीक्षक लेखपाल, ग्राम प्रधान व बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे ।
