बकेवर/फतेहपुर । देवमई विकास खंड के मुसाफा गांव के मुख्य चौराहे पर बैठका-करबिंगवा और सकूरा-पसियापुर मार्ग आपस में मिलते है । इन दोनों सड़को की बदहाल हालत की शिकायत व सुधार की मांग ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री सहित जिलाधिकारी,लोक निर्माण विभाग,जहानाबाद विधायक राजेन्द्र पटेल, केंद्रीय राज्य मंत्री व जिले की सांसद साध्वी निरंजन ज्योति सहित जिम्मेदार अधिकारियों व जन प्रतिनिधियों से की है ।
शिकायत में ग्रामीणों ने बताया कि दोनों मार्गों की स्थिति बद से बदतर है । इन सड़कों पर दिनभर छोटे व बड़े वाहनों का आवागमन बना रहता है । मार्ग सकरा होने के कारण छोटे वाहन चालकों को समस्या होती है । मुसाफा गांव में नवनिर्मित 350 मीटर लम्बी आरसीसी सड़क भी सिर्फ तीन मीटर ही चौड़ी बनी है । जिसके किनारों पर न तो इंटरलाकिंग की न ही फुटपाथ बनाया गया है । जिस कारण दो पहिया वाहन चालक गिरकर घायल हो जाते है और अक्सर दुर्घटनाओं की सूचना मिलती ही रहती है । वाहनों के आपस मे ओवरटेक करने के कारण सड़क पर पैदल चल रहे लोगों व दुकानदारों को समस्या का सामना प्रतिदिन करना पड़ता है ।
व्यस्ततम चौराहा होने के कारण मुसाफा गांव के निवासी रामदयाल, गौरव शुक्ला,रामनारायण,मयंक तिवारी,संतोष तिवारी, महेंद्र कुमार, सत्येंद्र तिवारी,कृष्णचंद्र, शिबू,राजेश आदि लोगों शासन से मांग की है कि मुसाफा गांव के अंदर से गुजरने वाले इन मार्गों पर कम से कम 5 मीटर चौड़ी आरसीसी रोड का निर्माण का कराया जाए ।
पूर्व में गांव के अंदर से गुजरने वाली सड़क में पानी भरा रहता था जिस पर ग्रामीणों ने आने वाले चुनाव में वोट न डालने पर विवश होने की धमकी दी थी । जिस पर विभाग द्वारा सिर्फ तीन मीटर चौड़ी सीसी निर्माण मुसाफा मुख्य चौराहे से कुचवारा मोड़ तक बनाई गयीं है । ग्रामीणों ने मार्ग के चौड़ीकरण की मांग की है । जिससे राहगीरों समेत गांव को लोगों को भी इस समस्या से निजात मिल सके ।
इस मामले में जेई सुरेन्द्र ने बताया की अभी सीसी निर्माण के आस पास की खाली जगह में मिट्टी भराई कर दी जाएगी, बाद में स्टीमेट बनाकर भेजा जाएगा ।
