– उपजिलाधिकारी ने सम्बंधित अधिकारियों को जल्द ही कब्जा मुक्त कराने को दिया निर्देश
बिन्दकी/फतेहपुर । बिन्दकी तहसील क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम रसूलपुर बकेवर निवासी बुजुर्ग विश्राम सागर ने उपजिलाधिकारी को शिकायती पत्र देते हुए उनके प्लांट में दबंग लोगो द्वारा किये गए अवैध कब्जे से मुक्त कराने की मांग की है । उप जिलाधिकारी ने सम्बंधित अधिकारियों को जल्द ही समस्या का निस्तारण कराने का निर्देश दिया है ।
पीड़ित बुजुर्ग विश्राम सागर ने बताया कि लगभग पांच दशक पूर्व उन्होंने गांव के ही कलुआ पुत्र खुरभुर से एक खंडहर मकान खरीदा था । जिसमें तभी से ही पीड़ित का कब्जा था । लेकिन अब गांव के ही कुछ दबंग लोग जिसमे राजू पुत्र बाबू,उसकी पत्नी मुन्नी देवी व भाई सुरेंद्र उर्फ रज्जन ने जबरियन प्लाट में कब्जा कर लिया है और प्रार्थी को कमजोर समझ कर परेशान कर रहे हैं ।
पूर्व में पीड़ित ने बकेवर थाने व मुख्यमंत्री पोर्टल उत्तर प्रदेश में शिकायत दर्ज कराया था । जिस पर स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल कर उपरोक्त दबंगो से प्लाट खाली करने की बात कही थी । लेकिन दबंग लोग प्लाट खाली नहीं कर रहे हैं और कहने पर पीड़ित को जान से मारने की धमकी देकर गाली गलौज रोजना करते रहते हैं ।
पीड़ित ने मांग की है कि उसका प्लांट को अवैध कब्जे से मुक्त कराया जाए और शालीनता के साथ निर्माण कार्य करने दिया जाए । उपजिलाधिकारी ने सम्बंधित अधिकारियों को मौके पर जाकर समस्या का निस्तारण कराने का निर्देश दिया है ।
