बिन्दकी/फतेहपुर । राज्य के जी०एस०टी० पंजीयन बेस में वृद्धि तथा राज्य एवं केन्द्र सरकार द्वारा व्यापारी हित में संचालित योजनाओं से अवगत कराने हेतु राज्य कर विभाग फतेहपुर द्वारा राधा वाटिका ललौली चौराहा बिन्दकी में पंजीयन जागरुकता सेमिनार/कार्यशाला का आयोजन किया गया ।
उपायुक्त, राज्य कर अशोक कुमार द्वारा सेमिनार में व्यापारियों को जीएसटी पंजीयन, रिटर्न दाखिला, मुख्यमंत्री व्यापारी दुर्घटना बीमा योजना की जानकारी दी गयी । साथ ही छोटे एवं मंझोले व्यापारियों हेतु समाधान योजना के लाभ को विस्तार से बताया गया । जिसके अंतर्गत 1.5 करोड़ रुपये तक के वार्षिक टर्नओवर वाले व्यापारी त्रैमासिक आधार पर रिटर्न फाइल करने तथा बिक्री पर 1 प्रतिशत की दर से कर जमा करते हुए योजना का लाभ ले सकते हैं ।
इसके अतिरिक्त विभाग द्वारा चलाये जा रहे स्टीकर कैम्पेन अभियान की जानकारी देते हुए व्यापारियों को पक्का बिल जारी करने हेतु प्रेरित किया गया ।
सेमिनार में राज्य कर विभाग की तरफ से अशोक कुमार, उपायुक्त राज्य कर,अंजेन्द्र त्रिपाठी सहायक आयुक्त, रामेश्वर त्रिपाठी सहायक आयुक्त,सरोजअवस्थी राज्यकर अधिकारी आदि अधिकारीगण उपस्थित रहे तथा दयालु गुप्ता,मुनेन्द्र तिवारी,राकेश अग्निहोत्री,नवीन चौहान, वेद वर्मा, सुनील तिवारी, मोना ओमर आदि व्यापारीगण तथा बड़ी संख्या में व्यापारी बन्धु उपस्थित रहे ।
