बिन्दकी/फतेहपुर । कस्बा बिन्दकी मो० मध्य बाजार स्थित श्री हनुमान मंदिर परिसर में सर्व समाज विकास समिति उ० प्र० द्वारा हिन्दी ‘पत्रकारिता दिवस’ के उपलक्ष्य पर एक संगोष्ठी संपन्न हुई । संगोष्ठी में सम्बोधित करते हुए सर्व समाज विकास समिति उ०प्र० के लेखा निरीक्षक सात्विक शुक्ला ने बताया कि आज ही के दिन हिंदी पत्रकारिता दिवस मनाया जाता है और कहा कि लगभग दो शताब्दी पूर्व ब्रिटिश कालीन भारत में जब तत्कालीन हिन्दुस्तान में दूर दूर तक मात्र अंग्रेजी,फ़ारसी,उर्दू एवं बांग्ला भाषा में अखबार छपते थे । तब देश की राजधानी “कलकत्ता” में “कानपुर” के रहने वाले वकील पण्डित जुगल किशोर शुक्ल जी ने अंग्रेजों की नाक के नीचे हिन्दी पत्रकारिता के इतिहास की आधारशिला रखी थी । उस आधार शिला प्रथम हिन्दी समाचार पत्र का नाम था “उदन्त मार्तण्ड”,जिसने अंग्रेजों की नाक में इस कदर खुजली कर दी कि उसका प्रकाशन डेढ़ वर्ष से अधिक न हो सका ।
इस साप्ताहिक के प्रकाशक एवं सम्पादक आदरणीय शुक्ल जी ने 30 मई 1826 को “उदन्त मार्तण्ड” का पहला अंक प्रकाशित किया था । जिसके परिप्रेक्ष्य में 30 मई का दिन हिन्दी पत्रकारिता का उद्भव कहलाया और हम हिन्दी पत्रकारिता दिवस के रुप में मनाते है । प्रत्येक मंगलवार को प्रकाशित होने वाले इस साप्ताहिक अखबार में “उदन्त मार्तण्ड” में हिन्दी भाषा के “बृज” और “अवधी” भाषा का मिश्रण होता था ।
पत्र वितरण में अंग्रेजों द्वारा लगातार डाक शुल्क में छूट न दिये जाने के कारण इसका 79वाँ और आखिरी अंक दिसम्बर 1827 में प्रकाशित हुआ था इस समाचार पत्र के पहले अंक की 500 प्रतियाँ प्रकाशित हुयी थी ।
इस मौके पर सात्विक शुक्ला, खुशी, हिमांशू गुप्ता, ब्राम्हण, राज कुमार गुप्ता, वंदना, शार्विल शुक्ला, वरुण, नीता शुक्ला, अरुणा, अनिल मिश्रा,ज्ञानेन्द्र मिश्रा सहित कई पदाधिकारीगण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे ।
