बिन्दकी/फतेहपुर । दो अलग-अलग मार्ग दुर्घटनाओं में दो लोग घायल हो गए । दुर्घटनाओं के बाद हड़कंप मचा रहा । मौके पर भीड़ लग गई दोनों घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया ।
जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत सेलावन गांव में शुक्रवार की सुबह एक स्कूल ओमनी वैन अनियंत्रित होकर एक दीवार में जा टकराई । जिसके चलते ओमनी वैन क्षतिग्रस्त हो गई तथा ओमनी वैन चालक सत्यम निषाद उम्र 21 वर्ष पुत्र राजू निषाद निवासी मोहल्ला जहानपुर कस्बा कोतवाली बिन्दकी फतेहपुर घायल हो गया । दुर्घटना के बाद हड़कंप मच गया । मौके पर भीड़ लग गई । घायल चालक सत्यम निषाद को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया ।
बताया जाता है कि बिन्दकी कस्बे के एक कॉलेज की ओमनी वैन लेकर चालक सत्यम निषाद पढ़ने वाले बच्चों को लेने जा रहा था तभी रास्ते में दुर्घटना हो गई खुशकिस्मती रही की ओमनी वैन में कोई बच्चा नहीं था केवल चालक अकेले था वरना दुर्घटना बड़ी हो सकती थी । उधर बकेवर थाना क्षेत्र के अंतर्गत खजुहा-अमौली मार्ग के टरूवापुर गांव के समीप शुक्रवार को दिन में करीब 11:00 बजे अचानक सड़क में सांप देखकर ई रिक्शा कूड़ा गाड़ी चालक राहुल उम्र 22 वर्ष पुत्र राकेश कुमार निवासी ग्राम विंध्या थाना जहानाबाद जनपद फतेहपुर घबरा गया । घबराहट के कारण गाड़ी का स्टेरिंग उसके हाथ से छूट गया और गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क में पलट गई । जिसके कारण ई रिक्शा कूड़ा गाड़ी चालक राहुल घायल हो गया । जिसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया ।
