– घटना को लेकर थानाध्यक्ष, हल्का प्रभारी व दो बीट के आरक्षी निलंबित, जांच अपर पुलिस करेंगे
– आतिशबाजी बनाने का लाइसेंस मृतक की पत्नी के नाम, रिनीवल प्रोसेस में
फतेहपुर । कल्यानपुर थाना क्षेत्र में आतिशबाजी बनाते समय अचानक विस्फोट हो जाने से जहाँ मकान की छत के परखचे उड गए वही पिता पुत्री की मौत हो गई और पुत्र गम्भीर रूप से घायल हो गया है । घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है । इस घटना को लेकर थानाध्यक्ष सहित चार लोगों को पुलिस अधीक्षक ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है ।
अवैध रूप से चल रही आतिशबाजी बनाने की फैक्ट्री रेवाड़ी गाँव में चल रही थी । बीती रात अचानक कथित आतिशबाजी बनाने की फैक्ट्री में एक जोरदार धमाका हुआ और छत के परखचे उड गये और वहाँ मौजूद आतिबाज नूर मोहम्मद 55 वर्ष व उसकी पुत्री तोयबा 20 वर्ष की दर्दनाक मौत हो गई । जब कि पुत्र अली शेर गम्भीर रूप से घायल हो गया है । जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है । मृतकों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है ।
पुलिस अधीक्षक अनूप सिंह ने बताया कि मौके पर जब छानबीन की गई तो पता चला है कि आतिशबाजी बनाने का लाइसेंस मृतक नूर मोहम्मद की पत्नी के नाम था जो नवीनीकरण के प्रोसेस में है । जिस समय विस्फोट हुआ है उस समय नूर मोहम्मद आतिशबाजी बना रहा था । विस्फोट इतना तेज था कि इमारत की छत उड गई और पडोसी घरों मे दहसत मच गई ।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि थानाध्यक्ष हल्का प्रभारी व बीट के दो आरक्षियों को निलंबित कर दिया गया है और पूरे मामले की जांच अपर पुलिस अधीक्षक को दी गई है । जो पूरे मामले की गहराई से छानबीन करेंगे ।
