मुम्बई । मशहूर अभिनेत्री कामिनी कौशल का आज सुबह मुंबई स्थित अपने घर में निधन हो गया 98 साल की कामिनी कौशल उम्र संबंधी बीमारियों से पीड़ित थीं । परिवार से जुड़े एक करीबी सूत्र ने बताया कि वरिष्ठ अभिनेत्री के निधन की पुष्टि की । कामिनी कौशल का जन्म 25 फ़रवरी, 1927 में लाहौर (अविभाजित भारत) में हुआ था । उनका असली नाम उमा कश्यप था ।

कई फ़िल्मों में बतौर लीड अभिनेत्री किया काम
कामिनी कौशल ने 40 के दशक के मध्य से लेकर 60 के दशक के शुरुआती सालों तक कई फ़िल्मों में लीड हीरोइन के रूप में काम किया था ।
बाद के सालों में उन्होंने कई फ़िल्मों में एक सशक्त चरित्र अभिनेत्री के रूप में भी अपनी पहचान बनाई थी और टीवी सीरियल्स में भी काम किया था ।
कामिनी कौशल ने निर्देशक चेतन आनंद की बेहद चर्चित फ़िल्म ‘नीचा नगर’ से शुरुआत की थी । कामिनी कौशल ने दो भाई, शहीद, ज़िद्दी, शबनम, पारस, नमूना, आरजू, बिराज बहू, झांझर, आबरू, बड़े सरकार, जेलर, नाइट क्लब और गोदान जैसी फ़िल्मों में लीड अभिनेत्री रहीं ।
उन्होंने अपने दौर में अशोक कुमार, दिलीप कुमार, राज कपूर, देव आनंद जैसे अभिनेताओं के साथ बतौर हीरोइन काम किया । कामिनी कौशल आखिरी बार साल 2022 में रिलीज़ हुई आमिर ख़ान की फ़िल्म ‘लाल सिंह चड्ढा’ में नज़र आईं थीं । उन्होंने ‘कबीर सिंह’ में शाहिद कपूर की तो वहीं ‘चेन्नई एक्सप्रेस’ में शाहरुख़ ख़ान की दादी की भूमिकाएं निभाईं थीं । कामिनी कौशल के तीन बेटे थे जिनमें से उनके बेटे राहुल सूद उन्हीं के साथ घर में रहकर उनकी देखभाल किया करते थे लेकिन कोविड के दौरान उनकी मौत हो गई थी ।
