बिन्दकी/फतेहपुर । नगर में श्री ओमर ऊमर वैश्य क्षेत्रीय समिति, इकाई व युवजन संघ बिन्दकी के पदाधिकारियों एवं सदस्यों की गरिमामयी उपस्थिति में सामाजिक गतिविधियों एवं संगठनात्मक विषयों पर विस्तार से विचार–विमर्श कर बैठक आयोजित की गई ।
बैठक का प्रमुख विषय हाल ही में संपन्न जगन्नाथ डोली यात्रा के सफल एवं भव्य आयोजन को लेकर रहा । इस अवसर पर क्षेत्रीय समिति द्वारा महिला मंडल बिन्दकी एवं युवजन संघ बिन्दकी को उनके अनुकरणीय योगदान, समर्पण और सक्रिय सहभागिता के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी गईं । सभी ने एकमत से स्वीकार किया कि महिला मंडल एवं युवजन संघ की मेहनत, अनुशासन और सेवा भावना के कारण ही यह आयोजन ऐतिहासिक रूप से सफल हो सका । बैठक में आगे समाजहित में किए जाने वाले कार्यों को लेकर भविष्य की रूपरेखा भी तैयार की गई ।
शिक्षा,स्वास्थ्य,धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों में महिला मंडल और युवजन संघ की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया । समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर चलने,युवाओं को नेतृत्व के अवसर देने तथा महिलाओं की सहभागिता को और सशक्त बनाने पर सहमति बनी । इसके अतिरिक्त बैठक में क्षेत्रीय समिति इकाई बिन्दकी,महिला मंडल बिन्दकी एवं युवजन संघ बिन्दकी के आगामी चुनाव को लेकर भी विचार किया गया ।
संगठन को और अधिक मजबूत ,पारदर्शी एवं सक्रिय बनाने हेतु समयबद्ध और सर्वसम्मति से चुनाव संपन्न कराने की आवश्यकता पर चर्चा हुई । सभी सदस्यों ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया के माध्यम से योग्य, कर्मठ एवं समाजसेवी नेतृत्व के चयन पर बल दिया ।
अंत में बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई और सभी ने एकजुट होकर समाज के उत्थान,संगठन की मजबूती तथा भविष्य में होने वाले कार्यक्रमों को और अधिक सफल बनाने का संकल्प लिया ।
इस मौके पर समिति के अध्यक्ष संजय ओमर,महामंत्री मोना ओमर, कोषाध्यक्ष योगेन्द्र ओमर,पुरुषोत्तम ओमर,प्रशांत ओमर,राजेश ओमर, कन्हैया ओमर मंगलम ओमर शशांक ओमर आदि सभी लोग मौजूद रहे ।
