बिन्दकी/फतेहपुर । भीषण कोहरे के कारण तेज रफ्तार अनियंत्रित डीसीएम गाड़ी की टक्कर से बाइक सवार एक धान मिल के कर्मचारी की मौके पर दर्दनाक मौत हो गई । दुर्घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस पहुंची । शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया । पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया ।
जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत बिन्दकी कुंवरपुर मार्ग में मिलकिनखेड़ा मोड़ के समीप मंगलवार की रात करीब 8:00 बजे कोहरे के कहर के कारण तेज रफ्तार अनियंत्रित डीसीएम की टक्कर से बाइक सवार युवक मोहित उम्र लगभग 34 वर्ष पुत्र दिनेश कुमार तिवारी निवासी मोहल्ला कृष्णगंज कस्बा कोतवाली बिन्दकी जनपद फतेहपुर की मौके पर दर्दनाक मौत हो गई ।
दुर्घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची । मृतक मोहित तिवारी के शव को लेकर पुलिस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिन्दकी पहुंची । पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया । युवक की मौत के बाद परिजनों में हड़कंप मच गया परिजन रो-रो कर बेहाल हो रहे थे ।
मोहल्ले में ही नहीं बल्कि पूरे कस्बे में जिसने भी दुर्घटना के बारे में सुना वह स्तब्ध रह गया । शोक का माहौल छा गया । बताया जाता है कि मृतक मोहित तिवारी फतेहपुर जनपद के मलवा थाना क्षेत्र के सौरा गांव के समीप स्थित एक धान मिल में कर्मचारी था । वह मिल से ड्यूटी कर बाइक द्वारा वापस घर आ रहा था । तभी रास्ते में दुर्घटना हो गई । जिसमें उसकी दर्दनाक मौत हो गई ।
