थरियांव (फतेहपुर) । जिले में ट्रैक्टर चोरी की बढ़ती घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने एक बड़े ऑपरेशन को अंजाम दिया है ।
पुलिस अधीक्षक ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि थाना थरियांव पुलिस, इंटेलिजेंस विंग और स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) की संयुक्त टीम ने दो अलग-अलग चोरी की घटनाओं का सफलतापूर्वक अना वरण किया । टीम ने 5 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 2 ट्रैक्टर,1 ट्रॉली और 5 मोबाइल फोन बरामद किए । घटनाओं का विवरण दिसंबर 2025 का है ।
पहली घटना थाना खागा क्षेत्र में 22 दिसंबर को हुई । जहां एक ट्रैक्टर चोरी हो गया था । दूसरी घटना थाना थरियांव क्षेत्र में 29-30 दिसंबर की रात को हुई । जिसमें एक ट्रैक्टर और ट्रॉली गायब हो गए । पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि चोर गिरोह एनएच -2 बाइपास पर सक्रिय है । इसके आधार पर टीम ने 5 जनवरी की सुबह छापेमारी की और आरोपियों को धर दबोचा ।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान आयु सिंह उर्फ अमित पुत्र शैलेश कुमार निवासी बरकतपुर थाना खागा जनपद फतेहपुर उम्र करीब 18 वर्ष ,प्रदुम श्रीवास्तव पुत्र गुजेश निवासी गेंडूरी टीकर थाना असोथर जनपद फतेहपुर उम्र करीब 23 वर्ष ,विकास यादव पुत्र छेदीलाल यादव निवासी ग्राम अजनई भाना खागा जनपद फतेहपुर उम्र करीब 19 वर्ष, शिवम पंडा पुत्र ब्रजेन्द्र कुमार निवासी कमासिन थाना कमासिन जनपद बांदा, हाल पता लोधीगंज चौराहा थाना कोतवाली जनपद फतेहपुर,गोविंद यादव पुत्र ननका निवासी घनसूलपुर थाना राधानगर जनपद फतेहपुर उम्र करीब 23 वर्ष के रूप में हुई है ।
पुलिस के अनुसार यह गिरोह अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय था और चोरी के ट्रैक्टरों को औने-पौने दामों में बेचने या इंजन नंबर बदलकर अन्य जिलों में सप्लाई करने का काम करता था । आरोपी बिना नंबर प्लेट वाली कार का इस्तेमाल कर रात के समय चोरी को अंजाम देते थे ।
